
रायपुर, (TGL NEWS). राजधानी रायपुर में बच्चों की मासूम मुस्कान, रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, थिरकते नन्हे कदम और गरबा की मनमोहक धुनों के बीच जैनम एकेडमी एवं समता युवा दुर्गा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में ‘लिटिल स्टार्स गरबा उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। पहली बार 2 से 7 वर्ष तक के नन्हे बच्चों के लिए आयोजित इस विशेष उत्सव ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों का उत्साह, आत्मविश्वास और मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे। यह आयोजन केवल गरबा प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नन्ही प्रतिभाओं को पहचान देने, उन्हें मंच प्रदान करने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास बना। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में वीआईपी अतिथियों के रूप में अदित्य भारत दैनिक समाचार पत्र से ब्यूरो छत्तीसगढ़ आकाश यादव, डॉ. प्राची शर्मा एवं नरेश शर्मा जी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथियों के रूप में प्रिया गुप्ता एवं कन्हैयालाल जी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शकीला खान जी एवं माया जैन शामिल रहीं, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

नन्हे सितारों को मिला सम्मान, प्रतिभा के साथ आत्मविश्वास को भी मिली पहचान…
प्रतियोगिता में छोटे बच्चों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गरबा लुक का सम्मान मात्र 8 माह के नन्हे शिवांग ललवानी को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ गरबा प्रस्तुति के लिए सान्वी जांगहेल को सम्मानित किया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ आत्मविश्वास का सम्मान नंदिका जांगहेल को मिला। वहीं सर्वश्रेष्ठ पुरुष गरबा लुक की श्रेणी में शौर्य शराफ को सम्मानित किया गया। इन सम्मानों के माध्यम से बच्चों की छोटी-छोटी उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। इतनी कम उम्र में मंच पर बच्चों की भागीदारी ने यह साबित किया कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर नन्हे सितारे भी अपनी प्रतिभा से सबका दिल जीत सकते हैं। जैनम एकेडमी की संस्थापक एवं संचालिका दीपाक्षा जैन शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और संस्कारों को विशेष महत्व देती हैं। इसी उद्देश्य से सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। समता युवा दुर्गा उत्सव समिति के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए यादगार अनुभव बना। जैनम एकेडमी एवं समता युवा दुर्गा उत्सव समिति की यह पहल संस्कृति, संस्कार, मनोरंजन और प्रतिभा का सुंदर संगम है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ने और समाज में सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





