Rajim Kumbh Kalp 2025 : प्रदेश के प्रयागराज के रूप में प्रसिद्ध राजिम में 12 फरवरी से 26 फरवरी तक कुंभ कल्प का होगा भव्य आयोजन…
इस वर्ष यह अद्भुत धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन 52 एकड़ के नए प्रस्तावित मेला स्थल पर संपन्न होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय में शुक्रवार को राजिम कुंभ कल्प की तैयारियों के संबंध में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

रायपुर, (The Grand Leakage News). छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रयागराज कहे जाने वाले प्रसिद्ध राजिम में इस वर्ष 12 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक कुंभ कल्प का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह अद्भुत धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन इस वर्ष 52 एकड़ के नए प्रस्तावित मेला स्थल में होगा।
12 फरवरी को पुण्य स्नान, 26 महाशिवरात्रि को शाही स्नान.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित बैठक कक्ष में शुक्रवार को राजिम कुंभ कल्प के तैयारियों के संबंध में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने शाही स्नान, गंगा आरती, संत समागम सहित कुंभ कल्प के प्रमुख आयोजनों और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाजनक व्यवस्थाएं करने संबंधित आधिकारियों को निर्देश दिए।
गौरवशाली विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाएं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस आयोजन को सफल बनाएं और छत्तीसगढ़ की पहचान के रूप में इसे स्थापित करें। उन्होंने 12 फरवरी को आयोजित माघी पुन्नी स्नान, 21 फरवरी जानकी जयंती के अवसर पर संत समागम और 26 फरवरी महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाले शाही स्नान की तैयारी पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री साय को अपर मुख्य सचिव सुबत साहू ने राजिम कुंभ कल्प 2025 के आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से आयोजन स्थल में विभिन्न गतिविधियों के लिए निर्धारित स्थानों के बारे में बताया। कुंभ कल्प में नागरिक सुविधाओं, साधु संतों के आवागमन, शाही स्नान और गंगा आरती को लेकर विभाग के तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
आस्था-संस्कृति का संगम – सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प 2025 धर्म, आस्था और संस्कृति का अद्भुत समागम होगा और यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को प्रदर्शित करने का भी सुंदर माध्यम है। हमें सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं यह को यहां अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो और यह आयोजन हमारी गौरवशाली विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने राजिम कुंभ कल्प के आयोजन में शामिल समस्त विभागों और प्रशासनिक अमले को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निदेश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी उपाय और स्वच्छता के लिए विशेष ध्यान देने को कहा।
पर्यटन विभाग को मिली नोडल की जिम्मेदारी.
12 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित इस विराट संत समागम राजिम कुंभ कल्प के संपूर्ण आयोजन के लिए पर्यटन विभाग को नोडल बनाया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस कुंभ कल्प में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी साधु संतों का विराट समागम होगा। माघी पुन्नी स्नान, शाही स्नान, जानकी जयंती के अवसर पर संत समागम विशेष रूप से आयोजित होगा। प्रतिदिन सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन, मेला, मड़ई, मीना बाजार और विभागीय प्रदर्शनी भी कुंभ कल्प का विशेष आकर्षण के रूप में शामिल हैं। बैठक में क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राहुल भगत, सचिव धर्मरत सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अन्बलगन पी, संचालक संस्कृति विवेक आचार्य, आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा, कलेक्टर गरियाबंद दीपक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।