CG BREAKING : शहर सरकार का ताज सजेगा किसके सिर, नगरीय निकाय चुनाव परिणाम कल…
सबसे पहले मेयर और अध्यक्षों के मतों की होगी गिनती, वार्डों की गणना नंबर के क्रम अनुसार होगी.

रायपुर, शुक्रवार 14 फरवरी 2025 : (The Grand Leakage News). छत्तीसगढ़ प्रदेश में 173 नगरीय निकायों में चुनाव सम्पन्न हो चुका है. प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायत के चुनाव परिणाम 15 फरवरी यानी कल शनिवार को घोषित होगा. वहीं परिणामों को लेकर अब लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि प्रदेश के 10 नगर निगमों में किस पार्टी के महापौर बनेंगे. वहीं किस दल के पार्षदों की संख्या सबसे अधिक होगी. अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि प्रदेश की राजधानी रायपुर के विभिन्न वार्डो में भाजपा और कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी का तौर पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार भी वार्डो के परिणामों में सेंध लगाएंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान 11 फरवरी संपन्न हुआ, वहीं परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। सबसे पहले निगम के महापौर, नगर पालिका अध्यक्षों और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के परिणाम आएंगे। जबकि वाडों की गिनती क्रम अनुसार किया जाएगा। मतगणना के तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को समीक्षा की इसके मुताबिक कर्मचारियों के वोटों यानी ईडीबी की गणना रिटर्निंग अधिकारी के टेबल पर की जाएगी। सबसे पहले महापौर अध्यक्ष पद के मतों की गणना होगी। उसके बाद वार्डो के क्रमानुसार यानी वार्ड क्रमांक 1 से प्रारंभ कर आगे के वार्डों के मतों की गिनती होगी।
वार्डो के अभ्यर्थियों या अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना सारी प्रक्रिया होगी। एक वार्ड के समस्त मतदान केन्द्रों की मतगणना एक ही टेबल पर होगी। वहीं मतदान केन्द्रों की संख्या अधिक होने पर निर्वाचन आयोग की अनुमति से अधिकतन दो टेबल लगाए जाएंगे। परंतु एक एक कर मतदान केन्द्र अनुसार ही मतगणना होगी। सभी मशीनें एक साथ गणना में शामिल नहीं की जाएंगी। यदि किसी मतदान केन्द्र पर मतदान के दौरान मशीन बदली गयी है, तो उस केन्द्र की सभी मशीनें एक ही चक्र में गिनी जाएंगी। यदि किसी मतदान केंद्र पर एक से अधिक EVM का उपयोग किया गया है, तो संबंधित राउंड में सभी मशीनें एक साथ दी जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह और सचिव डॉ. सर्वेश्वर नरेंन्द्र भुरे ने वीसी में प्रदेश के समस्त जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारियों से मतगणना पूर्व की आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्वाचन की प्रक्रिया में विधिक प्रावधानों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने को कहा गया। मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के 10 नगर निगमों में महापौर के 79 और 1889 पार्षद प्रत्याशियों के साथ अध्यक्ष पद के लिए 606 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। राजधानी के रायपुर नगर निगम के लिए सबसे अधिक 16 मेयर प्रत्याशी और पार्षद पदों के लिए 306 प्रत्याशी मैदान थे। वहीं दुर्ग नगर निगम के लिए सबसे कम 2 महापौर प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।